स्व. चैन सुख भट्टड़ मार्ग नामकरण का स्वागत, अन्य दिवंगत पार्षदों की स्मृति में भी सड़कों व वार्डों के नामकरण की मांग, देवकुमार जंघेल ने सौंपा ज्ञापन

स्व. चैन सुख भट्टड़ मार्ग नामकरण का स्वागत, अन्य दिवंगत पार्षदों की स्मृति में भी सड़कों व वार्डों के नामकरण की मांग, देवकुमार जंघेल ने सौंपा ज्ञापन

दुर्ग/ पूर्व पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष देवकुमार जंघेल ने नगर निगम दुर्ग की सामान्य सभा में दिवंगत पूर्व पार्षद स्व. चैन सुख भट्टड़ की स्मृति में तहसील कार्यालय से शनिचरी बाजार तक जाने वाली सड़क का नाम स्व. चैन सुख भट्टड़ मार्ग रखे जाने के प्रस्ताव का स्वागत किया है। उन्होंने नगर निगम की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि दिवंगत जनप्रतिनिधियों के योगदान और उनकी स्मृतियों को संरक्षित रखने के लिए इस तरह के प्रयास किए जाने चाहिए।
देवकुमार जंघेल ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त, महापौर एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि अन्य दिवंगत पूर्व पार्षदों की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए उनके नाम पर भी संबंधित वार्डों की सड़कों एवं सार्वजनिक भवनों का नामकरण किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से तीन-चार बार पार्षद रह चुके दिवंगत पूर्व पार्षद स्व. राजेन्द्र पटेल, स्व. प्रताप मध्यानी एवं स्व. कविता तांडी के नाम पर उनके संबंधित वार्डों में मार्गों और सार्वजनिक भवनों का नामकरण करने की मांग की है।
जंघेल ने वार्ड क्रमांक 47, सिविल लाइन उत्तर का नामकरण पूर्व पार्षद स्व. कविता तांडी के नाम पर किए जाने का सुझाव भी दिया है। उन्होंने बताया कि उक्त वार्ड में सिविल लाइन का कोई हिस्सा नहीं आता है, जबकि इस वार्ड में उत्कल समाज की बहुलता है। ऐसे में वार्ड का नाम स्व. कविता तांडी के नाम पर रखे जाने से उनकी स्मृति को सम्मानपूर्वक संजोकर रखा जा सकेगा।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि दिवंगत पूर्व पार्षदों के जनसेवा में दिए गए योगदान को ध्यान में रखते हुए उनके नाम पर सड़कों, सार्वजनिक भवनों एवं वार्डों का नामकरण करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।