दुर्ग जिले में 29 और 30 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी, खराब मौसम की आशंका के चलते DEO ने जारी किया आदेश
दुर्ग/चक्रवाती तूफान और अतिभारी बारिश की आशंका को देखते हुए दुर्ग जिले में 29 और 30 अक्टूबर को दो दिनों के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा और मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी और समाचार माध्यमों में जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली संभावित कठिनाइयों तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत दुर्ग जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं बीएसपी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 और 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
आदेश कलेक्टर की अनुमति से जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों को इसकी सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।