दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का बड़ा खुलासा, WINBUZZ ऐप से चल रहा था कारोबार; दो आरोपी गिरफ्तार, 4.93 लाख नकद समेत लाखों की सामग्री जब्त
दुर्ग/ जिले में ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला एवं एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित एक मकान में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 लाख 93 हजार रुपये नकद सहित लाखों रुपये की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, बैंकिंग दस्तावेज और चार दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि रूंगटा कॉलेज के पीछे जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ अन्य लोगों ने भागने का प्रयास किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर तथा डिकेश प्रसाद तिवारी (22 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मासिक वेतन के आधार पर ऑनलाइन सट्टा संचालन का काम करते थे।
बैंक खातों और एटीएम कार्ड का भी हो रहा था इस्तेमाल
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह का मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ मिलकर WINBUZZ ऐप के माध्यम से क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। इसके लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अलग-अलग व्यक्तियों के बैंक खातों एवं एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, कुछ खाताधारकों की जानकारी के बिना भी उनके बैंक खातों का उपयोग सट्टे के अवैध लेन-देन में किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस पहलू की जांच की जा रही है।
नकदी के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वाहन जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 लाख 93 हजार रुपये नकद, तीन लैपटॉप, एक आईपैड, विभिन्न कंपनियों के 18 स्मार्ट मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक, चार एयरटेल बैंक क्यूआर कोड स्कैनर, एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस और चार होंडा एक्टिवा स्कूटर जब्त किए हैं। इसके अलावा सट्टा संचालन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जब्त सामग्री और बैंकिंग लेन-देन के आधार पर गिरोह के नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
बैंक खाता, एटीएम और सिम कार्ड किसी को न दें
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। बैंक खाता किराये पर देना या उसके माध्यम से संदिग्ध लेन-देन कराना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।