40 फीसदी प्रतिमाह ब्याज वसूलने वाली मुख्य आरोपी सीमा यादव गिरफ्तार, 50 हजार के बदले वसूले 72,500 रुपये
दुर्ग/जरूरतमंद लोगों को रकम उधार देकर 40 प्रतिशत प्रतिमाह तक ब्याज वसूलने और सुरक्षा के नाम पर ब्लैंक चेक व हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर रखकर धमकाने के मामले में फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव को वैशाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच के दौरान आरोपियों से कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नगद के अलावा विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरियां बरामद की गई हैं।
मामले की शिकायत वैशाली नगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर 2026 को दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 से उसकी पहचान सीमा यादव और बबली साहू से थी। आर्थिक परेशानी के चलते उसने 16 दिसंबर 2024 को सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस रकम पर 40 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज तय किया गया और सुरक्षा के नाम पर इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक तथा हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर रखवा लिए गए।
पूनम ने प्रति सप्ताह 2,500 रुपये के हिसाब से 29 सप्ताह में कुल 72,500 रुपये चुका दिए। इसके बावजूद उससे अतिरिक्त रकम की मांग की जाती रही। रकम देने में असमर्थता जताने पर उसे जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जाने लगीं।
एक लाख रुपये के बदले 1.40 लाख रुपये वसूले
शिकायत में पूनम की सहेली सुमिता ताम्बोली के साथ भी इसी तरह की वसूली किए जाने का उल्लेख है। उसे एक लाख रुपये ब्याज पर दिलवाए गए थे। इसके एवज में इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक सुरक्षा के नाम पर रखे गए। आरोप है कि प्रति सप्ताह पांच हजार रुपये के हिसाब से 28 सप्ताह में उससे कुल 1 लाख 40 हजार रुपये वसूले गए। इसके बाद भी फोन पर गाली-गलौज कर रकम की मांग और धमकियां दी जाती रहीं।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने, बेटी की हत्या करने तथा घर से बेघर करने तक की धमकी दी जाती थी।
नगदी, चेक और ब्याज के हिसाब की डायरियां मिलीं
मामले की जांच के दौरान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के कब्जे से 99,900 रुपये नगद, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और हिसाब-किताब की डायरी बरामद की गई। ज्योति निरंजन के कब्जे से ब्याज संबंधी हिसाब-किताब की डायरी मिली। वहीं सीमा यादव के मकान की तलाशी में 2 लाख 80 हजार रुपये नगद, ब्याज के लेन-देन की डायरी, कोरे चेक और स्टाम्प पेपर बरामद किए गए। इस तरह कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपये नगद जब्त किए गए।
तीन आरोपियों के बाद अब मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार
इस मामले में बबली साहू उर्फ बबली निरंजन और ज्योति निरंजन को 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। प्रमोद साहू को भी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान फरार चल रही मुख्य आरोपी सीमा यादव की तलाश की जा रही थी। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे 2 नवंबर 2026 को दोपहर 13:10 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार सीमा यादव (39 वर्ष) पारिवाराल डेयरी के पास, सड़क क्रमांक-14, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग की निवासी है। मामले में वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(5), 3(5) और धारा 4 कर्ज एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।