चिकित्सा संस्थान में भय फैलाकर ब्लैकमेलिंग करने वाला आरोपी दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

चिकित्सा संस्थान में भय फैलाकर ब्लैकमेलिंग करने वाला आरोपी दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

दुर्ग/ छावनी थाना क्षेत्र में हॉस्पिटल प्रबंधन को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने भिलाई स्थित एस.बी.एस. हॉस्पिटल के प्रबंधन से 5 लाख रुपये की मांग कर भय उत्पन्न कर दबाव बनाया था।
पुलिस के अनुसार, हॉस्पिटल मैनेजर निर्मल सिंह की शिकायत पर मामले की जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान संरक्षण अधिनियम 2010 एवं बीएनएस की धारा 308 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने शिकायत की पुष्टि की। साथ ही आरोपी की घटना स्थल पर मौजूदगी से जुड़े 13 मोबाइल फोटोग्राफ सहित अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी जुटाए गए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुंदर नगर निवासी 55 वर्षीय गुरूमीत सिंह वाधवा को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।