दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘Guru 777’ ऐप से ऑनलाइन सट्टा चला रहा आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, कार-लैपटॉप समेत लाखों का सामान जब्त
दुर्ग/दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना छावनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के कैम्प-2 क्षेत्र स्थित बैकुंठ धाम वाटिका गेट के सामने एक व्यक्ति “Guru 777” नामक एप के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर अवैध सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार (क्रमांक CG04MA1235) की तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी इरफान पाशा (35 वर्ष), निवासी खुर्सीपार भिलाई, को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
जप्त सामग्री में शामिल:
क्रेटा कार (लगभग ₹3 लाख),
Dell Inspiron-7405 लैपटॉप (₹20 हजार),
iPhone 16 Pro Max (₹70 हजार),
अन्य स्मार्ट मोबाइल (₹80 हजार)।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था।
इस कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस की टीम ने त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सराहनीय भूमिका निभाई।