प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 से साकार हुआ कारपेंटर तुलसीराम बघेल का पक्के घर का सपना

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 से साकार हुआ कारपेंटर तुलसीराम बघेल का पक्के घर का सपना

दुर्ग/  नगर पालिक निगम दुर्ग।प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) गरीब एवं मेहनतकश परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन रही है। इसी योजना का लाभ पाकर वार्ड क्रमांक 56 बघेरा निवासी श्री तुलसीराम बघेल का वर्षों पुराना पक्के और सुरक्षित घर का सपना साकार हुआ है। तुलसीराम बघेल पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी एवं दो छोटे बच्चे शामिल हैं। सीमित आय के कारण वे लंबे समय तक एक कच्चे एवं जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे।बरसात में छत से पानी टपकता था तथा सर्दी-गर्मी में अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, जिससे पूरे परिवार विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य व पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था।प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) की जानकारी मिलने पर श्री बघेल ने नगर पालिक निगम दुर्ग के माध्यम से आवेदन किया। सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उनके जीवन को नई दिशा दी। शासन की सहायता एवं स्वयं की मेहनत से उन्होंने एक पक्का, मजबूत और सुरक्षित आवास निर्मित कराया।आज  तुलसीराम बघेल का परिवार अपने नए घर में सम्मान, सुरक्षा और सुकून के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। उनके माता-पिता को आरामदायक जीवन मिला है, पत्नी को गृहस्थी के कार्यों में सुविधा हुई है तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और शांत वातावरण प्राप्त हुआ है। अब उन्हें मौसम की मार की चिंता नहीं सताती।इस पक्के आवास ने न केवल उनके जीवन स्तर में सुधार किया है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान को भी बढ़ाया है। अब वे निश्चिंत होकर पूरे मनोयोग से अपने कार्य में जुट पा रहे हैं। तुलसीराम बघेल ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं नगर पालिक निगम दुर्ग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) वास्तव में गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लिए वरदान सिद्ध हो रही है और “सबके लिए आवास” के संकल्प को साकार कर रही है।