दुर्ग : टावर से कूदकर युवक ने दी जान, मानसिक तनाव बना वजह

दुर्ग : टावर से कूदकर युवक ने दी जान, मानसिक तनाव बना वजह

दुर्ग/नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित टाउनशिप इलाके में सोमवार को एक युवक द्वारा टावर से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, युवक ने बीएसएनएल टावर से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची टीम ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पहचान आकाश चंद्रिका पुरे (21 वर्ष), निवासी सड़क नंबर 6, मकान नंबर 3 ए, टाउनशिप, नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच एवं चिकित्सकीय रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है।जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक ने एक दिन पहले अपने घर के पास वाहन को दीवार से टकरा दिया था, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से तनाव में था और परिजनों की संभावित डांट के भय से उसने यह कदम उठा लिया। मृतक डिप्लोमा प्रथम सेमेस्टर का छात्र बताया जा रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।