IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा, जामुल पुलिस की बड़ी कार्रवाई—3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग/ थाना जामुल पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कार और स्कूटी सहित लाखों रुपए की सामग्री जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम खेदामारा स्थित नहर किनारे मैदान में कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों को IPL क्रिकेट मैचों पर “BET BHAI 9” लिंक के जरिए सट्टा लगाते हुए पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार स्थान बदलते थे और क्रेटा कार व स्कूटी से घूम-घूमकर सट्टा संचालन करते थे। आरोपियों के मोबाइल की जांच में लगभग 2.5 से 3 लाख रुपए तक के ऑनलाइन लेनदेन का खुलासा हुआ है।
इस मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 220/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6, 7 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी :
डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28 वर्ष), निवासी मठपारा, जामुल
कुलेश्वर पटेल (28 वर्ष), निवासी खेदामारा, जामुल
दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23 वर्ष), निवासी गणेश नगर, जामुल
जप्त सामग्री :
03 मोबाइल फोन (आईफोन 14 प्रो मैक्स सहित)
01 क्रेटा कार (CG07BF5311)
01 स्कूटी मेस्ट्रो (CG07CG7551)
कुल जप्ती : लगभग ₹4,06,000
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा या जुआ गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।