नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुए भगदड़ में 15 लोगों की मौत,10 अन्य गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुए भगदड़ में 15 लोगों की मौत,10 अन्य गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुए अफरा-तफरी के हालात में 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। इस घटना में 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल की आपातकालीन विभाग की प्रमुख डॉक्टर रितु सक्सेना ने बताया कि हादसे के बाद 25 से अधिक लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 15 को मृत घोषित कर दिया गया। शेष 10 से अधिक लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।इस घटना की पुष्टि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भी की। हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को भी बुलाया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किए गए।मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ थी। प्रयागराज जाने के लिए 15,000 से अधिक जनरल टिकट बिक चुके थे। इसी दौरान, नई दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस एक साथ प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर आ पहुंचीं।दो ट्रेनों के एक साथ आने से यात्रियों के बीच जल्दी से ट्रेन में चढ़ने और सीट पाने की होड़ मच गई, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। धक्का-मुक्की बढ़ने से भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 10 अन्य को गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया।अस्पताल की ओर से जारी बयान में डॉक्टर रितु सक्सेना ने बताया कि अस्पताल लाए गए सभी लोग गंभीर रूप से घायल थे। उनकी स्थिति को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर इलाज शुरू किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश 15 लोगों को बचाया नहीं जा सका। शेष 10 से अधिक घायलों का इलाज जारी है और उन्हें हरसंभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है।