दीपावली पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के बीच पहुंची दुर्ग पुलिस, 37 शहीद परिवारों को दी शुभकामना भेंट; एसएसपी विजय अग्रवाल ने स्वयं पहुंचकर जाना कुशलक्षेम
दुर्ग/दीपावली के पावन अवसर पर दुर्ग पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए विशेष पहल की। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 37 अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें दीपावली की शुभकामना भेंट प्रदान की गई और उनका कुशलक्षेम जाना गया।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल स्वयं शहीद परिवारों के निवास स्थान पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहीद आरक्षक आदेश के एसटीएफ कॉलोनी, सिंधिया नगर स्थित निवास, शहीद आरक्षक अवनी सिंह के नई पुलिस लाइन, दुर्ग स्थित निवास तथा शहीद आरक्षक मनोज वर्मा के पांच बिल्डिंग, दुर्ग स्थित निवास पर पहुंचकर परिजनों से भेंट की।
मुलाकात के दौरान अग्रवाल ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनके परिवार के सदस्यों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीद परिवारों के साथ खड़ा है और उनके सुख-दुख में सहभागी रहेगा।
जिले के शेष शहीद परिवारों तक भी दीपावली की शुभकामनाएं पहुंचाने के लिए नगर पुलिस अधीक्षकों, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की तथा परिजनों का हालचाल जाना।
डीआईजी एवं एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद परिवार पुलिस विभाग का अभिन्न अंग हैं और विभाग उनके साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा।
दुर्ग पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।