भजनों और कीर्तन से गूंजा श्रद्धा का वातावरण, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संत नामदेव महाराज का समाधि सोहळा

भजनों और कीर्तन से गूंजा श्रद्धा का वातावरण, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संत नामदेव महाराज का समाधि सोहळा

भिलाई। श्री संत शिरोमणि नामदेव महाराज का पुण्यतिथि एवं समाधि सोहळा सेक्टर-दो निवासी प्रशांत कुमार क्षीरसागर के निवास पर श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार को सुबह से ही आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। काकड़ आरती, मूर्ति पूजन, जलाभिषेक, पुष्प सज्जा एवं माला अर्पण कर संत नामदेव महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
सुबह 10:30 बजे से श्री संत सेवा समिति एवं हरिपाठ मंडल, सेक्टर-दो के तत्वावधान में हरिपाठ, अभंग, भजन एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन के माध्यम से संत शिरोमणि नामदेव महाराज के जीवन, उनके भक्तिमय कार्यों एवं भक्ति मार्ग पर चलने के संदेश पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छोटे बालक ईशांत उरकुडे ने श्रीकृष्ण का रूप धारण कर दही हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद गोपालकाला तैयार कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। महिला मंडल की कविता शुक्ला, राधा किशोरी महिला मंडल सहित अन्य सदस्यों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सेक्टर-दो हरिपाठ मंडल एवं रायपुर मंडल के भजन मंडल ने भी भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी।
आयोजन के अंत में सभी श्रद्धालुओं को गोपालकाला, महाप्रसाद, हलवा-पूरी एवं मिठाई का वितरण किया गया। इस अवसर पर उषा प्रशांत क्षीरसागर, मुरली पुसे, प्रांजली राजेश क्षीरसागर, नेहा प्रहलाद शिरसागर, राज क्षीरसागर, ईश्वर पुसे परिवार, आनंद, ज्योति, गायत्री, निलेश पुसे, पियुष, रुद्र क्षीरसागर, संजय उरकुडे, गजू उरकुडे, लक्ष्मी जिल्हारे, शालिनी वजरे, सुषमा मुलतकर, दिलीप मुलतकर, आदेश संजोद, एम.के. पाटील, लीलाबाई वानखेडे, ज्योति विजय माहूरकर सहित बड़ी संख्या में नामदेव भक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान “श्री नामदेव महाराज की जय”, “जय जय हरी विठ्ठल, जय जय पांडुरंग” के जयघोष से आयोजन स्थल गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ संत शिरोमणि नामदेव महाराज का स्मरण किया।