विधायक ललित चंद्राकर ने 8 दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

विधायक ललित चंद्राकर ने 8 दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

दुर्ग /दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांगजनों को समाज कल्याण विभाग की ओर से सहायक उपकरण प्रदान किए गए। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर के निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइसिकल, सामान्य ट्राइसिकल एवं श्रवण यंत्र (कान की मशीन) वितरित किए गए।इस अवसर पर ग्राम डुडेरा के गोकुल कोसरे, ग्राम जंजगिरी के राजूलाल देशमुख, ग्राम खम्हरिया के हरिश कुमार साहू, ग्राम खोपली के पंकज कुमार कोसरे, ग्राम विनायकपुर के रामस्वरूप देशमुख, ग्राम करगाडीह के लुमेश कुमार साहू, ग्राम रुआबांधा रिसली गांधी चौक के सैमुएल छुरा एवं ग्राम झोला के रोहित निषाद को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।विधायक ललित चंद्राकर ने लाभार्थियों को उपकरण प्रदान करते हुए उनके मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी प्रतिभा, क्षमता तथा आत्मविश्वास को सही अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक अपना योगदान दे सकें।
लाभार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए चंद्राकर ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी दिव्यांगजन आत्मनिर्भर जीवन जिए। उन्होंने कहा कि ये ट्राइसिकल और श्रवण यंत्र केवल उपकरण नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के सपनों को पूरा करने और आगे बढ़ने में सहायक माध्यम हैं। उन्होंने सभी लाभार्थियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इन उपकरणों की सहायता से दिव्यांगजन शिक्षा, रोजगार, आवागमन और दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे तथा समाज की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ पाएंगे।
विधायक ने बताया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण कल्याण के लिए सहायक उपकरण वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण, कौशल विकास, पुनर्वास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला मंत्री नवीन पवार, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, रिसाली मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, अंडा-निकुम मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, महामंत्री चंदू देवांगन, प्रवीण यदु, गुड्डू झा, पुनाराम कलिहारी, योगेश कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने विधायक ललित चंद्राकर तथा राज्य सरकार का आभार व्यक्त कियाl