देर रात लापता हुए दो नाबालिग 24 घंटे के भीतर सकुशल मिले, सुपेला पुलिस ने डोंगरगढ़ से किया बरामद
भिलाई /थाना सुपेला क्षेत्र से बिना बताए घर से निकले दो नाबालिग बच्चों को सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों बच्चे 11 जुलाई को घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी संबंधी कार्रवाई शुरू की।
सुपेला पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया, जिसमें दोनों बच्चों के डोंगरगढ़ क्षेत्र में होने के संकेत मिले। सूचना मिलते ही थाना सुपेला और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम तत्काल डोंगरगढ़ रवाना हुई और दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। त्वरित समन्वय और संवेदनशील कार्रवाई के चलते बच्चों की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला उप निरीक्षक पारस ठाकुर, पीएसआई अजय साहू, पीएसआई जयवंती ध्रुव, एसीसीयू दुर्ग की टीम तथा आरक्षक दुर्गेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।