सियान सदन पहुंचकर बुजुर्गों से मिला रुद्र सेना एवं भाजपा सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग का दल, सुविधाओं और सेवा कार्यों की सराहना
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित सियान सदन में रुद्र सेना एवं भारतीय जनता पार्टी सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग से जुड़े सदस्यों ने पहुंचकर बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से मेल-मिलाप किया। इस दौरान सदस्यों ने वरिष्ठजनों का हालचाल जाना, उनका स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम पूछा तथा उनसे आशीर्वाद लेकर उनके साथ खुशी के पल बिताए। बुजुर्गों के बीच पहुंचकर सभी ने अपनापन और आत्मीयता महसूस की।
सियान सदन में उपलब्ध आवास, भोजन, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का सदस्यों ने अवलोकन किया। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की सभी ने प्रशंसा की। सदस्यों ने कहा कि मेडिकल स्टाफ एवं यहां कार्यरत कर्मचारी निरंतर मानव सेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
सियान सदन की स्थापना को लेकर जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं रुद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष अरुण बेरी ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों में से कई लोगों की स्थिति सेवानिवृत्ति के कुछ वर्षों बाद कठिन हो जाती है। ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के वृद्धावस्था में रहने, भोजन एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के उद्देश्य से इस पहल के लिए प्रयास किया गया था।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान एवं इस्पात मंत्रालय के सहयोग से इस सुविधा को स्वीकृति दिलाने और स्थापित कराने में प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप सियान सदन पिछले कई वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और अनेक वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने इस पहल के लिए तत्कालीन इस्पात मंत्री रामविलास पासवान एवं इस्पात मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने अरुण बेरी के प्रयासों की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। सदस्यों ने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और प्रयासों के कारण वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध हो सकी, जिसका लाभ आने वाले समय में भी जरूरतमंद वरिष्ठजनों को मिलता रहेगा।
सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों के साथ सदस्यों ने आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव भी सुने। इस दौरान बी.एल. धीगरा, पी.पी. भास्करन, एस.एस. बोरोली, सी.एस. ताठे, कुसुम भट्ट, सुशीला ताई, सरस्वती दीदी, सी.एल. सेन, गुप्ता, कुसुमचंद सहित सियान सदन के कर्मचारी सचिन बाग एवं मनीष कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संगठन की ओर से भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुण बेरी, रुद्र सेना संगठन के प्रदेश पदाधिकारी सच्चिदानंद दुबे, प्रशांत क्षीरसागर, नवीन जैन, रजनीकांत पांडे, नीलू शर्मा, पिंकी सिंह, रश्मि सागर, तनु सोनवानी, अशोक गहलोत, नामित छतरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभी सदस्यों ने सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों को मिल रही सुविधाओं एवं सेवा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं।