दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी व्हाट्सएप डीपी और मैसेज के जरिए कंपनी डायरेक्टर बनकर 20 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। कार्रवाई थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की।मामला थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 712/2026 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता यश बत्रा, निवासी सुंदर नगर भिलाई ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते से अज्ञात लोगों ने 20 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने कंपनी डायरेक्टर श्रीचंद बत्रा की फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई और कंपनी के अकाउंटेंट को विश्वास में लेकर रकम एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दी।जांच में सामने आया कि कंपनी के डायरेक्टरों का एक व्हाट्सएप ग्रुप था, जिसमें ब्रांचों के लिए रकम भेजने संबंधी निर्देश दिए जाते थे। आरोपियों ने इसी प्रक्रिया का फायदा उठाकर साइबर ठगी को अंजाम दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर और खाताधारकों को कमीशन का लालच देकर ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे। आरोपी व्हाट्सएप और जंगी ऐप के जरिए “टोकन सिस्टम” से रकम का लेनदेन करते थे।पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी रायपुर के तनिष्क होटल में ठहरे हुए हैं। मुखबिर की भनक लगते ही आरोपी लगातार होटल और ठिकाने बदल रहे थे तथा रायपुर में किराए का मकान तलाश रहे थे ताकि पहचान छिपाकर साइबर ठगी जारी रख सकें।तकनीकी निगरानी, बैंक खातों के विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। आरोपी पंकज शर्मा समेत कुछ लोगों को रायपुर के जय स्तंभ चौक के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपी बूढ़ा तालाब क्षेत्र में किराए का मकान तलाशते मिले।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान से आकर अलग-अलग शहरों में होटल और किराए के मकानों में ठहरते थे और पहचान छिपाकर साइबर ठगी करते थे। आरोपियों ने राजस्थान के लोगों के आधार कार्ड में स्थानीय पता अपडेट कराकर रायपुर में बैंक खाते खुलवाए थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम के ट्रांजैक्शन और निकासी में किया जाता था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, 10 डेबिट कार्ड, 4 पैन कार्ड, 3 सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में बीकानेर और जोधपुर राजस्थान के रहने वाले मुरली जनागल, गोपाल सोनी, मोती सिंह, मोतीलाल शर्मा, बनवारी शर्मा और पंकज शर्मा शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपीगण :-

1. मुरली जनागल पिता आशुराम जी जनागल उम्र 19 वर्ष निवासी अमरपुरा थाना गंगाशहर जिला बीकानेर राजस्थान

2. गोपाल सोनी पिता मदनमोहन सोनी उम्र 25 वर्ष निवासी चीपड़ाबाड़ी थाना गंगाशहर जिला बीकानेर राजस्थान

3. मोती सिंह पिता नरेन्द्र सिंह उम्र 18 वर्ष निवासी सोइरा शेरगढ़ थाना शेरगढ़ जिला जोधपुर राजस्थान

4. मोतीलाल शर्मा पिता गोपीकिशन शर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी बापीनी थाना पतोड़ा जिला जोधपुर राजस्थान

5. बनवारी शर्मा पिता रामेश्वरलाल शर्मा उम्र 28 वर्ष निवासी गंगाशहर बाफना स्कूल के सामने जिला बीकानेर राजस्थान

6. पंकज शर्मा पिता अण्डभद्रा राव उम्र 24 वर्ष निवासी थाना लोहावट जिला जोधपुर राजस्थान